Tuesday, March 19, 2013

व्यावहारिक तौर पर अगर कोई व्यक्ति कलह और अशांति नहीं चाहता तो  इसके लिए छल, कपट व बुरे बर्ताव से दूरी भी बेहद जरूरी है। वहीं धार्मिक उपायों की बात करें तो हिन्दू धार्मिक परंपराओं व प्रसंगों के जरिए उजागर जीने के तरीके मन की सारी बेचैनी, भय और चिंता को दूर कर सुकूनभरे जीवन की राह आसान बनाते हैं। इनसे दिन के साथ रात भी सुख और शांति से सोकर गुजारना संभव बनाया जा सकता है।

 

धार्मिक उपायों में एक आसान तरीका भी है – सुबह के वक्त भगवान का स्मरण। हिन्दू धर्म में भगवान विष्णु जगतपालक के साथ पितृ स्वरूप माने गए हैं। सरल शब्दों में कहें तो जिस तरह पिता का साया जीने का विश्वास और सुरक्षा देता है। वैसे ही शांत, सौम्य और आनंद स्वरूप भगवान विष्णु का सवेरे विशेष मंत्र से स्मरण शारीरिक और मानसिक तनावों को दूर रख मन को शांत रखता है।

 

खासतौर पर होलिकोत्सव से भी भगवान विष्णु के प्रसंग जुड़े हैं। इसके मुताबिक इन पुण्य घड़ी में ही भगवान विष्णु की कृपा से राजा हिरण्यकशिपु रूपी अधर्म, अशांति व कलह पर धर्म, सत्य, भक्ति व शांत स्वरूप भक्त प्रहलाद ने विजय पाई।   अगर आप भी चाहते हैं कि घर-परिवार खुशहाल रहे व मुश्किलों से बचा रहे तो फाल्गुन शुक्ल अष्टमी से पूर्णिमा (26 व 27 मार्च) तक यहां बताए जा रहे विष्णु मंत्र का हर सुबह ध्यान करना न चूकें।

प्रातः स्मरामि भवभीति महार्तिनाशम्

नारायणं गरूड़वाहनमब्जनाभम्।

ग्राहाभिभूत वरवारणमुक्तिहेतुं

चक्रायुधं तरुणवारिजपत्रनेत्रम्॥

 

सरल शब्दों में मतलब है - संसार के भयरूपी बड़े से बड़े दुःख का नाश  करने वाले, ग्राह से गजराज को छुड़ाने वाले, चक्रधारी एवं नवीन कमलदल के समान नेत्र वाले, पद्मनाभ गरुड़वाहन पर विराजे भगवान् श्रीनारायण का मैं प्रातः स्मरण करता हूं।


अगर हम पशुओं के स्वाभाविक खान-पान, व्यवहार या दिनचर्या पर गौर करें तो उनमें बदलाव नजर नहीं आते। वहीं व्यावहारिक तौर पर अक्सर देखा जाता है बुद्धिमान होने के बावजूद भी इंसान पशु की तरह व्यवहार करते हैं। जाहिर है कि इंसान व पशु के तौर-तरीकों में इस फर्क की वजह बुद्धि ही होती है।
इस बात से यह भी साफ है कि बुद्धि के उपयोग से ही अच्छे या बुरे कर्म इंसान के सुख-दु:ख नियत करते है। बुद्धि ईश्वर की वह देन है, जो हर इंसान को प्राप्त होती है। किंतु धर्मशास्त्रों के मुताबिक ज्ञान के साथ अनुभव और व्यवहार के जरिए ही बुद्धि निखरती है। यानी विद्या, पुण्य कर्म और विचार बुद्धि को धार देते हैं। वहीं ज्ञान के अभाव, बुरे या पाप कर्मो से बुद्धि का नाश होता है।
हिन्दू धर्मशास्त्र महाभारत में सुखी जीवन के लिए ही बुद्धि के सही उपयोग से सुख की मंजिल तय करने के लिये ऐसा अंक गणित भी बताया गया है, जिसे सीखकर हर इंसान सांसारिक जीवन के संघर्ष में सफलता पा सकता है।


लिखा गया है कि -

एकया द्वे विनिनिश्चित्य त्रींश्चतुर्भिवशे कुरु।

पञ्च जित्वा विदित्वा षट् सप्त हित्वा सुखो भव।।

इस श्लोक में जीवन में कर्म, व्यवहार और नीति में बुद्धि के उपयोग द्वारा सुख बंटोरने के लिये 1 से लेकर 7 अलग-अलग सूत्रों को उजागर किया गया है। सरल शब्दों में जानिए यह अंक गणित -

1 यानी बुद्धि से 2 यानी कर्तव्य और अकर्तव्य का निर्णय कर 4 यानी साम, दाम, दण्ड, भेद द्वारा 3 यानी दुश्मन, दोस्त और तटस्थ को काबू में करें। इनके साथ-साथ 5 यानी पांच इन्द्रियों के संयम द्वारा 6 यानी छ: गुण यानी

सन्धि- मेलजोल या मित्रता,

विग्रह - संधि विच्छेद या मित्रता के रिश्ते न रखना,

यान - सही मौके पर वार,

आसन - विपरीत हालात में शांत रहना,

द्वैधीभाव - ऊपर से मित्रता अंदर से शत्रुता का भाव और

समाश्रय - सक्षम व सबल की पनाह लेना, समझें और जानें। साथ ही 7 यानी स्त्री, जूआ, मृगया यानी शिकार, नशा, कटु वचन, कठोर दण्ड और गलत तरीके से धन कमाने के बुरे गुण और कर्म को छोडऩा, कठिन और विरोधी स्थितियों में किसी भी इंसान के लिये सुख का कारण बन जाते हैं।